दिल्ली पहुंचने पर पीएम मोदी ने कहा- दुनिया की नजरों में भारत का मान बढ़ा

 अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र (UN) के सफल दौरे से वापस लौट रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल्ली एयरपोर्ट में भव्य स्वागत किया जा रहा है। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष मनोजी तिवारी ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इसके साथ ही दिल्ली भाजपा के सातों सांसदों ने भी पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी का विमान 8:07 पर एयरपोर्ट में पहुंच गया है। दिल्लीवासियों ने ढ़ोल नंगाड़े बजा कर पीएम मोदी का स्वागत किया है। प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए दिल्ली ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों से भी लोग आए हैं। यहां पर राजस्थानी, पंजाबी, हरियाणा के कलाकार अपने नृत्य के माध्यम से प्रधानमंत्री के आने का जश्न मना रहे हैं।


हजारों की संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर उस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं जब उनकी नजरों के सामने प्रधानमंत्री आएंगे। प्रधानमंत्री के रोड शो के लिए दिल्ली पुलिस ने कमर कस ली है। रोड शो में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने की पूरी तैयारी की जा चुकी है। प्रधानमंत्री का रोड शो एयरपोर्ट रोड से खिमैया मार्ग तक होगा। 


पीएम मोदी ने कहा कि भारत किस तरह दुनिया का दिल जीत सकता है, ये मैंने अपनी आंखों से देखा है, खुद अनुभव किया है। मैं आज यहां से अमेरिका में रहने वाले अपने भाई-बहनों को विशेष रूप से धन्यवाद देता हूं।


- पीएम मोदी ने कहा इस अहमियत का एक एक विराट रूप मैंने इस बार अमेरिका में देखा है। विश्व भर में फैले हुए हमारे भारतीयों ने भी अपने-अपने देशों में उन देश के लोगों का प्यार हासिल किया है, यह भी भारत के गौरव को बढ़ाने वाला है।


पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में भी चुनाव जीतने के बाद मैं अमेरिका, यूएन की समिट में गया था और 2019 में भी गया। दुनिया की नजरों में भारत के प्रति मान-सम्मान और आदर बढ़ा है, इसका एक प्रमुख कारण 130 करोड़ हिंदुस्तानी हैं जिन्होंने अधिक मजबूती के साथ दोबारा सरकार बनाई है।


- विमान से बाहर आने के बाद पीएम मोदी का स्वागत भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने फूल देकर किया। इस दौरान दिल्ली के सातों सांसदों ने भी पीएम मोदी का स्वागत किया।